Jharkhand: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को तेज करते हुए 14 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर BLO (Booth Level Officer) और BLA-2 (Booth Level Agent-2) की दूसरी बैठक सह चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी। यह बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में पोस्टर जारी कर आम मतदाताओं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पूर्व पोलिंग एजेंटों से बैठक में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
ये भी पढ़ें: Healthy Eating Habits: बिस्तर पर बैठकर खाना खाने की आदत पड़ सकती है भारी! महिलाओं को जरूर जानने चाहिए ये नुकसान
ASDD सूची और Unmapped Voters की होगी समीक्षा
बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही ऐसे मतदाताओं के मामलों की भी समीक्षा होगी, जिनकी अब तक मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी है।
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया से पात्र मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित होगी और अपात्र नामों को सूची से हटाने में मदद मिलेगी।
मतदाताओं से समय पर फॉर्म जमा करने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता के लिए बूथ स्तर पर सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है।
आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) जमा करें। यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसका सुधार भी समय रहते करा लें। अभियान से जुड़ी जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और हेल्पलाइन 1950 का उपयोग किया जा सकता है।
Jharkhand में 83.40% मतदाताओं तक पहुंचा इन्यूमरेशन फॉर्म
निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में अब तक 83.40 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाया जा चुका है।
- 5,336 मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत मतदाताओं को फॉर्म वितरित किया जा चुका है।
- घर-घर जाकर फॉर्म वितरण का अभियान लगातार जारी है।
- सभी BLO को निर्देश दिया गया है कि फॉर्म वितरण के साथ भरे हुए फॉर्म समय पर प्राप्त कर उनका डिजिटाइजेशन भी सुनिश्चित करें।
- मतदाताओं की SIR रिकॉर्ड के आधार पर मैपिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
आयोग ने मतदाताओं से सही जानकारी के साथ फॉर्म भरकर जल्द जमा करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
SIR अभियान के कारण रांची में SRO पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति रोकी गई
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को देखते हुए रांची के विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी (SRO) पद पर नए अधिकारी की नियुक्ति फिलहाल रोक दी गई है।
उपायुक्त रांची के आदेश के अनुसार, अजय कुमार तिर्की से फिलहाल SRO का कार्य नहीं लिया जाएगा और उन्हें कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, वर्तमान SRO मोनी कुमारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। प्रशासन का मानना है कि इस महत्वपूर्ण कार्य के बीच उनका स्थानांतरण अभियान को प्रभावित कर सकता है। इसी वजह से उन्हें फिलहाल पद पर बनाए रखा गया है।
छह विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त किए गए नए AERO
SIR अभियान को गति देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के छह विधानसभा क्षेत्रों में नए सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) नियुक्त किए हैं। यह व्यवस्था केवल विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
नियुक्तियां इस प्रकार हैं-
- रांची विधानसभा – हटिया के आवासीय दंडाधिकारी
- हटिया विधानसभा – रातू के अंचल अधिकारी
- खिजरी विधानसभा – ओरमांझी के बीडीओ
- सिल्ली विधानसभा – सिल्ली के बीडीओ
- तमाड़ विधानसभा – तमाड़ के बीडीओ
- पाकुड़ विधानसभा – पाकुड़ अनुमंडल के कार्यपालक दंडाधिकारी
निर्वाचन आयोग का कहना है कि स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति से मतदाता सूची का शुद्धीकरण, नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम एवं पते में सुधार और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
SIR अभियान का उद्देश्य क्या है?
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि-
- कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
- अपात्र या डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाया जा सके।
- नए योग्य मतदाताओं का समय पर पंजीकरण हो।
- मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।









