Latehar: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा रांची-लातेहार मुख्य मार्ग पर शिवटोली के पास हुआ, जहां डाल्टनगंज से रांची जा रहा एक अनियंत्रित मिनी ट्रक सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बचाने के कोशिश में पलटी ट्रक
मृतकों में एक की पहचान खलारी निवासी टिंकू भुइयां के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों घायलों को चंदवा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के दौरान मिनी ट्रक चालक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने हटाकर यातायात सामान्य कराया।
डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एनएच-39 बन रहा दुर्घटनाओं का हॉट स्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-39 पर फोरलेन निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क की स्थिति असुरक्षित हो गई है। चंदवा थाना क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है।








