Dhanbad: धनबाद पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया। हीरक रोड, भुईंफोड़ स्थित एक सुनसान मकान में गंभीर अपराध की साजिश रच रहे शातिर अपराधी मोनू कुमार यादव, निवासी करकेंद खटाल, पुटकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अमेरिका निर्मित एक लोडेड अवैध पिस्टल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
Made in USA पिस्टल समेत तीन जिंदा कारतूस बरामद
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भुईंफोड़ स्थित एक सुनसान मकान में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे। भागने के दौरान मोनू कुमार यादव गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस जवानों ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से अमेरिका निर्मित एक लोडेड अवैध पिस्टल, जिस पर अंग्रेजी में ‘Made in USA’ अंकित है, तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।छापेमारी के दौरान उसका साथी चिरकुट संजय, निवासी ईस्ट बसुरिया, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार मोनू का आपराधिक इतिहास रहा है
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार मोनू का आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में बैंकमोड़ थाना (भूली ओपी) में कांड संख्या-113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल अभियान में पु.अ.नि. सोहन कुमार साहु, म.पु.अ.नि. जोसफिना हेम्ब्रम, स.अ.नि. हरिप्रकाश मिश्रा, स.अ.नि. मनोज कुमार ओझा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









