Jamshedpur News: शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल साकची बाजार में दिनदहाड़े हुई मारपीट की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फल व्यापारी के यहां काम करने वाले एक कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फल गद्दी पर पहुंचकर कर्मचारी से की कथित मारपीट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानगो के शंकोसाईं निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी की फल गद्दी पर मोहम्मद फहीम पहुंचा। आरोप है कि वहां कार्यरत कर्मचारी माधव चातर के साथ उसने मारपीट की। घटना अचानक हुई, जिससे बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में आरोपी कर्मचारी के साथ मारपीट करता दिखाई देता है, जबकि आसपास मौजूद लोग स्थिति को देखते नजर आते हैं।
घायल कर्मचारी मजदूरी कर चलाते हैं परिवार
बताया जा रहा है कि घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समाज से हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी ने इसकी जानकारी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को दी।
विकास सिंह ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
VIDEO वायरल होते ही आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
व्यापारियों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद साकची बाजार के व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में लगातार भीड़ रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









