नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन अब और तेज हो गया है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद मंगलवार को भी संगठन ने संसद मार्च जारी रखने का ऐलान किया है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
घायल प्रदर्शनकारियों से मिले अरविंद केजरीवाल
सोमवार को पुलिस कार्रवाई में घायल हुए युवाओं का हालचाल जानने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
जंतर-मंतर पर फिर जुटे प्रदर्शनकारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
CJP के आह्वान के बाद मंगलवार सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंचने लगे। संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंसा मामले में 5 FIR दर्ज
सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब तक कनॉट प्लेस, पार्लियामेंट स्ट्रीट समेत विभिन्न थानों में कुल पांच FIR दर्ज की हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर और भी मामले दर्ज किए जा सकते हैं।
सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति स्थिर
दिल्ली के अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की ओर से मंगलवार सुबह स्वास्थ्य अपडेट जारी किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य पैरामीटर फिलहाल स्थिर हैं, हालांकि ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से कम बना हुआ है और मेडिकल टीम लगातार निगरानी कर रही है।
दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट
CJP के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली से सटे गाजियाबाद बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यूपी गेट, महाराजपुर, सीमापुरी और भौपुरा बॉर्डर पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
NDA बैठक में पीएम मोदी का बड़ा बयान
इधर, संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने हाल के पेपर लीक मामलों को गंभीरता से लिया है और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि “देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।”
उन्होंने यह भी दोहराया कि केंद्र सरकार पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।








