Dhanbad: बरवाअड्डा थाना परिसर शुक्रवार की देर शाम उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब फर्जी हस्ताक्षर से जाति, आवासीय प्रमाणपत्र और वंशावली बनवाने के मामले में गिरफ्तार आरोपित की पैरवी करने पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने की बात सामने आई है।
मामले में बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के पुत्र प्रदीप कुमार रजक ने विधायक जयराम महतो पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रदीप का कहना है कि विवाद के दौरान विधायक ने उनके गले पर हमला किया और गला दबाने का प्रयास किया। इससे उनके गले में चोट लगी और खून निकलने लगा। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के लिए थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कराने की मांग की है।
फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जाति प्रमाणपत्र और वंशावली बनवाने का आरोप
मामला बड़ापिछरी पंचायत से जुड़ा है। मुखिया यशोदा देवी ने ग्रामीण गणेश दास पर उनके फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जाति, आवासीय प्रमाणपत्र और वंशावली बनवाने का आरोप लगाया था। इस संबंध में बरवाअड्डा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर थाना लाया था।
बताया जाता है कि आरोपित के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिलने पर जेएलकेएम नेताओं ने डुमरी विधायक जयराम महतो को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विधायक ने पहले फोन पर थाना प्रभारी से बात की और फिर स्वयं बरवाअड्डा थाना पहुंच गए। थाना पहुंचने के बाद विधायक की पुलिस अधिकारियों से करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत और बहस हुई।
इसी बीच विधायक के थाना पहुंचने की जानकारी मुखिया समर्थकों को मिली और वे भी बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंच गए। मुखिया समर्थकों ने आरोपित की पैरवी को लेकर विधायक से सवाल-जवाब शुरू किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
मारपीट और गला दबाने का प्रयास का आरोप
प्रदीप कुमार रजक ने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई और विधायक जयराम महतो ने उनका गला दबाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पूरी घटना थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई होगी। इसलिए फुटेज की जांच कर मामले की सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।
थाना परिसर में हुई मारपीट की इस घटना के बाद मामला राजनीतिक रूप लेता दिख रहा है। एक ओर फर्जी हस्ताक्षर से प्रमाणपत्र बनवाने के आरोपित की पैरवी को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुखिया पुत्र ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाया है। अब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से घटना की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









