Dhanbad: धनबाद जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीएमएफटी हॉल में उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें 15वें वित्त आयोग, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-अभिम) और डीएमएफटी के तहत संचालित स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
काम शुरू नहीं करने वाले संवेदकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई का निर्देश
बैठक में डीडीसी ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने काम शुरू नहीं करने वाले संवेदकों को नोटिस जारी कर एग्रीमेंट रद्द करने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, जिन कनीय अभियंताओं का काम असंतोषजनक पाया गया, उनके आवंटित कार्य दूसरे अभियंताओं को सौंपने और कार्रवाई करने को कहा।
डीडीसी ने भूमि विवाद वाले स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही डीएमएफटी से अपग्रेड किए जा रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों की अद्यतन तस्वीरें मांगीं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और सभी योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होंगी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, निर्माण एजेंसियों के अभियंता और डीएमएफटी की टीम मौजूद थी।









