Ranchi: झारखंड में मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और परीक्षा परिणाम को लेकर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि केवल स्कूलों का नाम बदलने और भवन बेहतर बनाने से शिक्षा की गुणवत्ता नहीं सुधरेगी। इसके लिए पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है।
अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार ने उत्कृष्ट विद्यालय तो स्थापित कर दिए, लेकिन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने पर गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों की स्थापना का उद्देश्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं देना था, लेकिन शिक्षक की कमी से यह लक्ष्य प्रभावित हो रहा है।
परीक्षा परिणाम पर भी उठाए सवाल
अजय राय ने वर्ष 2025 के परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के दसवीं का परिणाम लगभग 66.34 प्रतिशत और 12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 61.85 प्रतिशत रहा। उन्होंने सवाल किया कि उत्कृष्ट विद्यालयों से बेहतर परिणाम की उम्मीद के बावजूद प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिख रहा है।
Read More- रांची के बरियातू से मोरहाबादी तक एसीबी की दबिश, जमीन घोटाले की जांच तेज
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद अब तक कितनी समीक्षा बैठकें हुई हैं और उनमें लिए गए फैसलों का कितना अनुपालन हुआ है।
सरकार से चार प्रमुख मांगें
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार से 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षक नियुक्ति की समयसीमा घोषित करने, विषयवार रिक्त पदों का ब्योरा सार्वजनिक करने, विद्यालयवार परीक्षा परिणाम और समीक्षा रिपोर्ट जारी करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है।
Read More- पत्नी के अलग रहने से नहीं मिलता तलाक का आधार-झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला, पति की याचिका खारिज
अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो एसोसिएशन इस मुद्दे को राज्यव्यापी स्तर पर उठाएगा। उनका कहना है कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर अभिभावकों का भरोसा बनाए रखने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति और पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार जरूरी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








