Ranchi: राजधानी रांची में पिछले कुछ दिनों से एक गिरफ्तारी ने पूरे शहर को चौंका दिया है। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले राजीव रंजन मिश्रा को वन्य जीव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और झारखंड भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय राय ने इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईमेल के जरिए ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि राजीव रंजन मिश्रा वर्षों से सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं तथा शहर के विभिन्न वर्गों के बीच उनकी एक सकारात्मक पहचान रही है। ऐसे में वन्य जीव तस्करी जैसे गंभीर आरोप में उनकी गिरफ्तारी ने पूरे रांची शहर को स्तब्ध कर दिया है और आम लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
लोकतंत्र में न्याय, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष जांच सर्वोपरि
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच अत्यंत आवश्यक है ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। यदि वे दोषी हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यदि वे निर्दोष हैं तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए।
अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष जांच सर्वोपरि है। इसलिए राज्य सरकार को इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करानी चाहिए ताकि समाज में उत्पन्न भ्रम एवं शंकाओं का समाधान हो सके और सत्य सामने आ सके।
उन्होंने यह भी कहा कि इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों को भी निष्पक्ष जांच की मांग के समर्थन में आगे आना चाहिए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








