Salanpur Fire Incident: पश्चिम बंगाल के सलानपुर ब्लॉक के बांसकेटिया इलाके में काली पूजा के बीच भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह हुए इस अग्निकांड में इलाके का बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से हॉल में रखे तिरपाल और अन्य जरूरी सामान नष्ट हो गए। वहीं, आग की तेज लपटों और गर्मी से बरामदे की पक्की छत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बुझाने की कोशिश की, एक घंटे बाद पहुंची दमकल
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने कम्युनिटी हॉल के अंदर से आग की लपटें और घना धुआं निकलते देखा। इसके बाद उन्होंने स्थानीय युवक शिवशंकर रुईदास को इसकी सूचना दी। शिवशंकर ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
स्थिति बेकाबू होने पर दमकल विभाग को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद आसनसोल से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) से भी दमकल की एक अन्य गाड़ी रवाना की गई थी।
महिलाओं के प्रशिक्षण का भी केंद्र था कम्युनिटी हॉल
बांसकेटिया कम्युनिटी हॉल केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित नहीं था, बल्कि यह इलाके की सामुदायिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र था। यहां विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों और बैठकों के अलावा दामोदर घाटी निगम (DVC) की पहल पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे।
इनमें ब्यूटीशियन कोर्स सहित कई कौशल विकास कार्यक्रम शामिल थे। ऐसे में हॉल के पूरी तरह जल जाने से स्थानीय सामाजिक गतिविधियों और महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर असर पड़ने की आशंका है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में मायूसी है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस कर रही जांच
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सलानपुर थाना अंतर्गत कल्याणेश्वरी फांड़ी की पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस और दमकल विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







