धनबाद: धनबाद के डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, जानलेवा हमला और लूटपाट के आरोप में हरेंद्र चौहान, चंदन चौहान समेत कई लोगों के खिलाफ धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह शिकायत शुक्रवार को पुलिसकर्मी अजीत कुमार सिंह की ओर से दर्ज कराई गई है।
चार गाड़ियों से रास्ता रोककर हमला करने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार रात पुलिसकर्मी अजीत कुमार सिंह अपने मित्र और साथी पुलिसकर्मी पंकज कुमार सिंह के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान संगम होटल, बेकारबांध से आगे पुष्प वाटिका अपार्टमेंट के सामने चार गाड़ियों से उनका रास्ता रोक दिया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक गाड़ी में हरेंद्र चौहान और चंदन चौहान सवार थे, जबकि बाकी गाड़ियों में 8 से 10 लोग मौजूद थे। इनमें कुछ लोगों के पास पिस्टल भी थी। रास्ता देने का आग्रह करने पर आरोपियों ने दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लोहे की रॉड से हमला और गला दबाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर लोहे की रॉड से हमला किया। इतना ही नहीं, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। अजीत कुमार सिंह ने हरेंद्र चौहान के अंगरक्षक पर भी बंदूक तानने और दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ने का आरोप लगाया है।
50 हजार रुपये और सोने की चेन छीनने का दावा
पुलिसकर्मी की शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनकी जेब से 50 हजार रुपये और सोने की चेन भी छीन ली गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
इस दौरान मौके पर गिरा एक मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर है।
गौरतलब है कि हरेंद्र चौहान झामुमो से जुड़े बताए जाते हैं और संगठन में पदाधिकारी होने की जानकारी है। हालांकि, प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








