Koderma: कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर कोयला लदे ट्रक ने पुलिस की बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो मदनगुंडी पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बोलेरो में सवार पुलिस जवानों को हल्की चोटें आईं। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से जवानों को वाहन से बाहर निकाला गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी जवानों को खतरे से बाहर बताया गया है। घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग एनएच-20 पर मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास हुई। चंदवारा पुलिस यहां वाहन जांच अभियान चला रही थी। थाना प्रभारी प्रेम कुमार के अनुसार, पुलिस पिछले कई दिनों से अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है।
रोकने के बजाय भागने की कोशिश
इसी दौरान हजारीबाग जिले के बरही की ओर से कोडरमा आ रहे कोयला लदे ट्रक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस बोलेरो में टक्कर मार दी। मदनगुंडी पुल के मोड़ के पास टक्कर के बाद बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के किनारे पलट गई।
Read More- Breaking News: आदिवासी नेत्री निशा भगत ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और बोलेरो में फंसे जवानों को बाहर निकाला। घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के अनुसार, जवानों को मामूली चोटें आई हैं और सभी खतरे से बाहर हैं।
Read More- कोडरमा में ट्यूशन जाने के लिए निकली दो नाबालिग चचेरी बहने लापता, परिजनों ने थाने में दी आवेदन
तिलैया में पकड़ा गया ट्रक
ट्रक के भागने की सूचना के बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। तिलैया पुलिस ने ट्रक को तिलैया थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास पकड़ लिया। चालक को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ट्रक में लदे कोयले से संबंधित कागजातों की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







