Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया बस्ती से दो नाबालिग चचेरी बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं गुरुवार शाम को कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद तिलैया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
दोनों छात्राएं ट्यूशन जाने की बात कहकर निकली थी
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों छात्राएं गुरुवार, 5 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों, कोचिंग जाने वाले रास्तों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
पढ़ाई पूरी कर घर जाने के लिए निकली थी छात्रा-कोचिंग संचालक
लापता छात्राओं में तिलैया बस्ती निवासी मनोज साव की 15 वर्षीय पुत्री और उनके भाई रवि साव की 14 वर्षीय पुत्री शामिल हैं। लापता छात्राओं में एक सीडी बालिका उच्च विद्यालय की कक्षा 10वीं की छात्रा है। बताया जाता है कि वह गुरुवार को विद्यालय नहीं गई थी। शाम को वह पानी टंकी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करने गई थी। कोचिंग संचालक के अनुसार, सलोनी शाम करीब 6 बजे पढ़ाई पूरी कर घर जाने के लिए निकली थी, लेकिन घर नहीं पहुंची।
वहीं दूसरी छात्रा सलोनी की चचेरी बहन है वह इलाके की एक निजी स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा है। वह गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे एक निजी कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। कोचिंग संचालक के अनुसार, छात्रा शाम करीब 5:45 बजे कोचिंग से निकली थी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उसे अड्डी बंगला स्थित दुर्गा मंडप के समीप शाम 5:45 बजे देखे जाने की जानकारी मिली है।
दोनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की आशंका
इधर, परिजनों ने स्पष्ट किया है कि गुरुवार को झंडा चौक पर हुए प्रदर्शन में दोनों छात्राएं शामिल नहीं हुई थीं। परिजनों को आशंका है कि किसी व्यक्ति द्वारा दोनों को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले जाया गया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद तिलैया पुलिस दोनों छात्राओं की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के इलाकों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी सलोनी कुमारी या रागिनी कुमारी के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तत्काल तिलैया थाना को सूचित करें, ताकि दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद किया जा सके।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








