Ranchi News: देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा H1N1 और H3N2 के मामले बढ़ने के बीच झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य में फिलहाल इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सभी जिलों को अलर्ट रहने और संदिग्ध मरीजों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस अधिकारियों को निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा है। खास तौर पर सर्दी, खांसी, बुखार और गंभीर सांस संबंधी बीमारी (SARI) के लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
RIMS और MGM में H1N1-H3N2 की जांच की सुविधा
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, H1N1 और H3N2 इन्फ्लूएंजा की जांच RIMS रांची और MGM जमशेदपुर में उपलब्ध है। जिलों को निर्देश दिया गया है कि संदिग्ध मरीज मिलने पर आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कम से कम 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने को कहा गया है। अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों की OPD में आने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीजों की समय पर पहचान हो सके।
बुजुर्गों और छोटे बच्चों को लेकर विशेष सावधानी
स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, 5 साल तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इन वर्गों में संक्रमण होने पर गंभीर बीमारी का जोखिम अपेक्षाकृत अधिक हो सकता है।
लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढंकने की अपील की गई है। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीने, हाथ मिलाने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर नहीं थूकने की सलाह दी गई है।
बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक न लें
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेने की सलाह दी है। सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी सदर अस्पताल या सरकारी अस्पताल से संपर्क करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सहायता के लिए लोग 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








