Dhanbad: धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड में सोमवार को सड़क किनारे एक पेड़ से 26 वर्षीय युवक का शव लटका मिलने से इलाके में हड़कंप फैल गई। घटना बिनोद बिहारी कोयलांचल विश्वविद्यालय के सामने की बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
मजदूरी का काम करता था मृतक
मृतक की पहचान ठाकुरकुल्ही आंगनबाड़ी के समीप रहने वाले राकेश कुमार वर्मा उर्फ आकाश वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार राकेश मजदूरी का काम करता था और सोमवार को घर से काम करने की बात कहकर निकला था। इसके बाद उसका शव सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला।
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था मृतक
घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर मृतक के दोनों भाई घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। बताया गया कि राकेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।
मौके पर पहुंचे बरवाअड्डा थाना के एएसआई नवल किशोर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









