Ranchi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने सोमवार को रांची में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
अलबर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इसे सामाजिक न्याय, संवैधानिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आयोजित विरोध बताया।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी और सरकारी दबाव से उनकी आवाज नहीं दबाई जा सकती।
कमलेश ने यह भी कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कृत्य किया गया है तो उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने कानून को सभी के लिए समान बताया।
झारखंड कांग्रेस के सहप्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे दबाव से डरने वाली नहीं है।
कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के बजाय संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना जनता की आवाज को निशाना बनाने जैसा है।
प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर समेत कांग्रेस के कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









