Dhanbad: धनबाद के बलियापुर प्रखंड में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाघमारा पंचायत के हरिहरिटांड़-टेका खुटु जंगल स्थित एक खदान से महिला का कंकाल बरामद हुआ। खदान में कंकाल मिलने की सूचना जैसे ही आसपास के ग्रामीणों को मिली, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी बलियापुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने खदान से कंकाल को बरामद कर जांच शुरू कर दी है। कंकाल के पास से एक साड़ी भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे महिला का कंकाल माना है।
करीब दो माह पुराना होने की आशंका
पुलिस के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, कंकाल करीब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिला का हो सकता है। साथ ही इसके लगभग दो माह पुराना होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, महिला की उम्र और मौत से जुड़ी अन्य जानकारी पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अब तक नहीं हो सकी महिला की पहचान
कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में महिला के लापता होने से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आसपास के किसी क्षेत्र से हाल के दिनों में कोई बुजुर्ग महिला लापता तो नहीं हुई थी।
फिलहाल बरामद कंकाल की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान के लिए हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण समेत कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकेंगी। यदि धनबाद में कंकाल का पोस्टमार्टम संभव नहीं हुआ तो इसे आगे की जांच के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जा सकता है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका कंकाल खदान तक कैसे पहुंचा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और महिला की पहचान के साथ-साथ मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।









