Giridih News: गिरिडीह के गांडेय इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े डकैती की वारदात से सनसनी फैल गई। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पचनटांड़ गांव में छह युवकों ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया और नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई, जिससे वह घायल हो गई।
भुक्तभोगी महिला की पहचान 38 वर्षीय रीता देवी, पति एतवारी मंडल के रूप में हुई है। महिला ने पुलिस को बताया कि अपराधियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे घर में बंधक बना लिया था।
फसल खाने की बात कहकर खुलवाया दरवाजा
रीता देवी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दो युवक उसके घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे। दोनों ने महिला से कहा कि उनके पशुओं ने संगरभंगा गांव में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसी बात को लेकर महिला ने दरवाजा खोल दिया।
आरोप है कि दरवाजा खुलते ही दोनों युवक जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चार अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। इस तरह कुल छह युवकों ने महिला को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।
पांच हजार रुपये समेत सोने-चांदी के जेवरात ले गए
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने घर में रखे करीब 5 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके अलावा सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य जेवरात के साथ चांदी की पायल और सिकड़ी भी लेकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान महिला के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। अपराधियों के जाने के बाद महिला किसी तरह घिसटते हुए घर के दरवाजे तक पहुंची।
ग्रामीणों ने महिला को बंधन से मुक्त कराया
घर के बाहर महिला को देखकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही महिला के सास-ससुर समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने महिला के मुंह से कपड़ा हटाया और उसके हाथ-पैर खोले। इसके बाद घायल महिला को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खां पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भुक्तभोगी महिला, उसके परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
इसके बाद गांडेय पुलिस इंस्पेक्टर कमलेश पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए।
अपराधियों को पहचानने का दावा
भुक्तभोगी रीता देवी ने पुलिस को बताया है कि यदि आरोपी उसके सामने आएंगे तो वह उन्हें पहचान सकती है। पुलिस अब महिला के बयान के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे किसी पूर्व योजना या अन्य वजह की भी जांच की जा रही है।
पति मुंबई में करता है काम
बताया गया कि रीता देवी का पति एतवारी मंडल मुंबई में रहकर काम करता है, जबकि उनका एक बच्चा धनबाद में रहकर पढ़ाई करता है। महिला के पति तीन भाई हैं और तीनों के अलग-अलग मकान हैं।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, महिला की सास रोज रात में उसके घर सोने के लिए आती थीं। पुलिस घटना के समय घर में महिला के अकेले होने और आरोपियों द्वारा इसी स्थिति का फायदा उठाए जाने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े कई सवालों का जवाब स्पष्ट हो सकेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







