बलियापुर (धनबाद): बलियापुर प्रखंड के बाघमारा पंचायत क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब हरिहरिटांड़-टेका खुटु जंगल स्थित एक खदान से महिला का कंकाल बरामद हुआ। गुरुवार को कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों ने बलियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खदान से कंकाल को बाहर निकलवाया।
पुलिस के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, बरामद कंकाल करीब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिला का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने कंकाल के करीब दो माह पुराना होने की आशंका जताई है। कंकाल के पास से एक साड़ी भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर उसके महिला का होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।
अगर धनबाद में कंकाल का पोस्टमार्टम संभव नहीं होता है, तो उसे वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित RIMS भेजा जा सकता है।
आसपास के इलाकों में लापता महिलाओं की जानकारी जुटा रही पुलिस
कंकाल की पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लापता महिलाओं से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव या कंकाल खदान तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत प्राकृतिक थी, दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









