Ranchi: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में बुधवार को एक अहम पहल सामने आई। राजधानी रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना, 10-बेडेड टेली-आईसीयू, एचआरआईएस पोर्टल और झारखंड ई-हेल्थ पोर्टल का शुभारंभ किया।
डिजिटल हेल्थ का उद्देश्य सेवाएं अधिक सुलभ बनाने का प्रयास
कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, तकनीकी विशेषज्ञों, विभिन्न जिलों के सिविल सर्जनों और निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। दो दिवसीय आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेलीमेडिसिन, टेली-आईसीयू, टेली-रेडियोलॉजी और रोबोटिक सर्जरी जैसी तकनीकों पर चर्चा हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि डिजिटल हेल्थ का उद्देश्य तकनीक को सिर्फ शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि गरीब, ग्रामीण और जरूरतमंद मरीजों तक आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के लिए सेवाएं अधिक सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री ने टेलीमेडिसिन और टेली-आईसीयू को दूरदराज के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसके जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह उन इलाकों तक पहुंचाने की कोशिश है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सीमित है।
चार घटकों पर मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना चार प्रमुख घटकों पर आधारित है-कनेक्टिविटी, हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (HMIS), CCTV आधारित मॉनिटरिंग और डिजिटल डैशबोर्ड।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में डिजिटल व्यवस्था के जरिए मरीजों को पंजीकरण, भुगतान, अपॉइंटमेंट और जांच रिपोर्ट जैसी सुविधाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। अस्पतालों को वाई-फाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में भी काम हुआ है।
एचआरआईएस के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की नियुक्ति से लेकर सेवानिवृत्ति तक का सेवा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में रखने की योजना है। विभाग में बड़ी संख्या में कार्यरत सहिया, नर्स, मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों के प्रबंधन में भी तकनीक के इस्तेमाल की तैयारी है।
AI के इस्तेमाल, रोबोटिक सर्जरी और डिजिटल स्वास्थ्य पर चर्चा
कॉन्क्लेव में AI के इस्तेमाल, रोबोटिक सर्जरी और डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञों ने विचार रखे। विभाग का कहना है कि आने वाले समय में तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, विशेषज्ञ सलाह और डेटा आधारित योजना निर्माण को और मजबूत करने की कोशिश की जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्य सचिव डॉ. आर.एस. शर्मा समेत स्वास्थ्य एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद रहे। रोबोटिक कार्डियक सर्जरी पर तकनीकी प्रस्तुति भी दी गई। साथ ही सहिया पुस्तिका और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया गया।
झारखंड के लिए डिजिटल हेल्थ की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में AI, टेलीमेडिसिन और अन्य तकनीकी समाधानों के विस्तार पर जोर दे रही है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











