Dhanbad: साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा से सटे धनबाद के इलाकों में भी साइबर नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका सामने आई है। धनबाद के निरसा क्षेत्र के पीठाकियारी गांव में पुलिस ने ‘CYBER SHIELD’ अभियान के तहत छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक मो. याकूब के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने गांव में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 2 लाख 85 हजार रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन और 7 एटीएम/डेबिट कार्ड बरामद किए गए।
पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड समेत कई सामान जब्त
इसके अलावा पुलिस को पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर ठगी से जुड़े विवरण वाली एक डायरी भी मिली है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और डायरी की जांच कर रही है, ताकि कथित साइबर ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी में 2 लाख 3 हजार रुपये सचिन रविदास और 82 हजार रुपये सागर रविदास के पास से मिले। गिरफ्तार लोगों में श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास शामिल हैं।
35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी ने पकड़़ा
कार्रवाई के दौरान गांव की महिलाओं ने विरोध भी किया। इसके बावजूद पुलिस ने अभियान जारी रखा। इस ऑपरेशन में करीब 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, कुछ गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से साइबर अपराध, धोखाधड़ी और मारपीट समेत अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। अब जांच का फोकस बरामद सामान और डायरी में दर्ज विवरण के आधार पर कथित नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाने पर है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.











