झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री श्री योगेन्द्र प्रसाद की अध्यक्षता में सोमवार को लातेहार स्थित बेतला नेशनल पार्क सभागार में जल जीवन मिशन (JJM) की एक उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में लातेहार, गढ़वा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा जिले की जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार और योजनावार गहन समीक्षा की गई।
लापरवाह संवेदकों को ब्लैकलिस्ट करने का फरमान
समीक्षा बैठक के दौरान कई योजनाओं में ठेकेदारों (संवेदकों) की ओर से ढिलाई, धीमी प्रगति और मानकों के अनदेखी का मामला सामने आया। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर लापरवाही बरतने वाले संवेदकों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट किया जाए। इसके साथ ही, जिन योजनाओं में अनियमितता पाई जाएगी, उनकी जांच कर दोषी संवेदकों और संबंधित कार्यपालक अभियंताओं के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
‘गुणवत्ता से समझौता और देरी बर्दाश्त नहीं’
मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जल जीवन मिशन सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका लक्ष्य हर ग्रामीण परिवार तक नल से शुद्ध जल पहुंचाना है। इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण (Field Inspection) के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का वास्तविक लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
विभागीय सचिव ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
बैठक में मौजूद विभागीय सचिव श्री अबु इमरान ने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही किसी भी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक बाधाओं का त्वरित समाधान करने पर जोर दिया।
बैठक में कई शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव श्री अबु इमरान, जल जीवन मिशन निदेशक श्री शशि रंजन, लातेहार उपायुक्त श्री संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद के साथ-साथ सिमडेगा, लोहरदगा, गढ़वा एवं पलामू के डीडीसी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता और संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता व तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।










