Ranchi: बोकारो के ललपनिया में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ‘लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026’ में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में उनसे मुलाकात कर औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन भी प्रस्तावित है
यह महोत्सव आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो जिले के टीटीपीएस ललपनिया में आयोजित होगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन भी प्रस्तावित है। महोत्सव में संताल आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी शामिल थे।
लुगू बुरु संताल आदिवासी समाज की आस्था का प्रमुख धार्मिक स्थल है। हर साल यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। ऐसे में नवंबर में होने वाले इस राजकीय महोत्सव को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








