रांची:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने सोमवार को रांची स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंका। अभिनंदन समारोह सह प्रदेश पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि “सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है, 2029 में झारखंड फतह करने से हमें कोई नहीं रोक सकता।”
बंगाल और दिल्ली का दिया उदाहरण
कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने दृढ़ संकल्प लेकर पश्चिम बंगाल, दिल्ली और ओडिशा में सफलता हासिल की, तो झारखंड में तो हम पहले भी कई बार सरकार बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल राजधानी मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिला, विधानसभा और मंडल स्तर पर जाकर समीक्षा करेगी और काम करेगी।
उन्होंने आगामी 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ को पूरे राज्य में भव्य रूप से मनाने का भी आह्वान किया।
भगवान बिरसा की माटी को नमन कर की शुरुआत: आदित्य साहू
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नवनियुक्त प्रभारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातू जाकर की है, जो सराहनीय है। साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की जानकारी दी और आगामी कार्यक्रमों की दिशा तय की।
बूथ मजबूती ही जीत का मूल मंत्र: पवन साय
बैठक में संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जनता के बीच जाने का परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने गांव-गांव बिजली, नल का जल, मुफ्त गैस कनेक्शन और आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ का मजबूत होना अनिवार्य है।
निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
समारोह के दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को भी भावभीनी विदाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कर्मवीर सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।
प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, समीर उरांव, भानु प्रताप शाही, गीता कोड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।










