Ranchi: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन के तहत 40 घंटे की हड़ताल शुरू कर दी है। इसके कारण राज्यभर में एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। विभिन्न जिलों से रांची पहुंचे कर्मचारी नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मुख्यालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
कर्मचारियों के अनुसार, गुरुवार रात 8 बजे से सेवा बाधित रखने का निर्णय लिया गया है। आंदोलन के तहत 17 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक हड़ताल की घोषणा की गई है। कर्मचारियों ने शुक्रवार को भी एनएचएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
बहाली और बकाया वेतन प्रमुख मांग
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बर्खास्त कर्मियों की बहाली, लंबित वेतन का भुगतान और 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन जिला स्तर पर सिविल सर्जन के माध्यम से शुरू करना शामिल है।
इसके अलावा कर्मचारी ईपीएफ-ईएसआईसी, ओवरटाइम, ग्रेच्युटी, न्यूनतम वेतन और अन्य वैधानिक श्रमिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं होने पर 21 अक्टूबर 2026 से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
108 एंबुलेंस सेवा आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में आंदोलन लंबा खिंचने पर स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है। अब कर्मचारियों की मांगों पर सरकार और स्वास्थ्य विभाग के अगले कदम पर नजर रहेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









