नई दिल्ली: कनॉट प्लेस में प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया। उनके साथ नेहा बोरा को भी मंडी हाउस से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तिरंगा यात्रा के लिए दीपके और अन्य CJP कार्यकर्ताओं को अनुमति नहीं दी गई थी।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके जैसे ही अपने ठिकाने से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान दीपके ने पुलिस से पूछा कि उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया जा रहा है। पुलिस की ओर से बताया गया कि उन्हें प्रिवेंटिव मेजर के तहत हिरासत में लिया जा रहा है।
दीपके ने पुलिस से यह भी सवाल किया कि जब वह अकेले जा रहे हैं और कोई कानून नहीं तोड़ रहे हैं तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। पुलिस की ओर से कहा गया कि वह उस स्थान पर नहीं जा सकते।
कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर पुलिस
तिरंगा मार्च को देखते हुए कनॉट प्लेस के आउटर, मिडिल और इनर सर्किल में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इलाके में दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सेंट्रल पार्क के आसपास भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
पार्क के प्रवेश द्वारों से लेकर आसपास के इलाकों तक पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती देखी गई। दुकानों, पार्किंग और फुटपाथों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
दिल्ली पुलिस ने पहले ही स्पष्ट किया था कि कनॉट प्लेस में प्रस्तावित मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन की ओर से इलाके में प्रतिबंधात्मक व्यवस्था भी लागू की गई है और सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखा गया है।
तिरंगा लेकर पहुंचने वालों पर नजर
रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ लोग तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के इनर सर्किल में पहुंचने और नारेबाजी करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है। पुलिस किसी भी समूह को घूम-घूमकर मार्च निकालने की अनुमति नहीं दे रही है।
‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का ऐलान CJP की ओर से किया गया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को नोटिस देकर बिना अनुमति कनॉट प्लेस में मार्च नहीं निकालने की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना था कि तिरंगा फहराना अपने आप में प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन बिना अनुमति मार्च या भीड़ जुटाना लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन हो सकता है।
फिलहाल कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और पुलिस की निगरानी जारी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









