रांची: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कथित टिप्पणी पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने खड़गे के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस पर व्यक्तिगत हमले की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब नीतियों पर सवाल उठाने के बजाय प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बना रही है।
प्रतुल शाह देव ने पटना में खड़गे की कथित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों, फैसलों और सरकार के कामकाज की आलोचना करने का पूरा अधिकार है। लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर उनके दिवंगत पिता के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
खड़गे पर राहुल गांधी की भाषा बोलने का आरोप
प्रतुल शाह देव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अब राहुल गांधी की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे नेता से सार्वजनिक जीवन में शालीनता और मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं।
‘कांग्रेस अब कांग्रेस (जी) यानी गालीबाज पार्टी बन गई’
प्रतुल शाह देव ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी अब ‘कांग्रेस (जी)’ यानी ‘कांग्रेस गालीबाज पार्टी’ बन गई है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 133 बार अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, जब कांग्रेस नीतिगत मुद्दों पर जवाब नहीं दे पाती है, तो वह व्यक्तिगत हमलों का सहारा लेने लगती है।
खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग
प्रतुल शाह देव ने मल्लिकार्जुन खड़गे से उनकी कथित टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों से जुड़े हर सवाल का तथ्यों के आधार पर जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान को राजनीतिक हथियार बनाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पर व्यक्तिगत हमले करके कांग्रेस न तो जनता का विश्वास जीत सकती है और न ही अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपा सकती है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








