Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के छायाटांड स्थित मदरसे को रजिस्ट्रेशन दिलाने की दिशा में पहल की है। इस पहल के बाद स्थानीय लोगों, बच्चों और अभिभावकों ने खुशी जताई है। अभिभावकों का कहना है कि मंत्री ने चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है।
इरफान अंसारी ने कहा कि शिक्षा पर हर बच्चे का समान अधिकार है। मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों को भी दूसरे शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की तरह आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा का आकलन उनके धर्म या शिक्षण संस्थान के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और योग्यता से होना चाहिए।
शिक्षा और इंसानियत पर दिया जोर
मंत्री ने कहा कि संस्कृत, उर्दू, अंग्रेजी या किसी अन्य भाषा में शिक्षा लेने का उद्देश्य अच्छा इंसान बनना होना चाहिए। शिक्षा समाज में नफरत नहीं, बल्कि ज्ञान, भाईचारे और आपसी सम्मान को बढ़ावा देती है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को झारखंड आकर यहां की सामाजिक समरसता देखने का आमंत्रण भी दिया। डॉ. अंसारी ने कहा कि मदरसे के विद्यार्थी भी भविष्य में आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बन सकते हैं।
मंत्री ने कहा कि झारखंड में हर बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने इसे बिना भेदभाव के जरूरतमंदों की मदद करने की अपनी जिम्मेदारी बताया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







