Dhanbad: धनबाद स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-ISM) में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई है। संस्थान के एक्वामरीन हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान माने राजकुमार प्रतीक के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अहमदपुर का रहने वाला था और उसकी उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है।
अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत
मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद छात्र को तत्काल धनबाद के अशर्फी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही IIT (ISM) के अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। छात्र का शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। संस्थान की ओर से छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के धनबाद पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।
आठवीं मंजिल से गिरने की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र आठवीं मंजिल से किन परिस्थितियों में गिरा। घटना के पीछे हादसा या कोई अन्य कारण था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और संस्थान प्रबंधन मामले की जांच कर रहे हैं। परिजनों के पहुंचने और जांच की आगे की प्रक्रिया के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









