Palamu: पलामू में रविवार को सड़क हादसे में महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की मौत हो गई। वह छतरपुर महिला थाना में तैनात थीं। हादसा छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास हुआ, जहां एक कार ने पीछे से पुलिसकर्मियों की बाइक में टक्कर मार दी। बबीता बाइक पर पीछे बैठी थीं। वह पड़वा के लामीपतरा स्कूल स्थित JTET परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी के लिए जा रही थीं।
टक्कर के बाद बबीता सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में शव, पोस्टमार्टम को लेकर विरोध
हादसे की सूचना मिलते ही बबीता के परिजन और ग्रामीण अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर पहुंच गए। यहां उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध किया।
परिजन घटना को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उनका आरोप है कि बबीता की गोली मारकर हत्या की गई है और बाद में इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की जा रही है।
हालांकि, हत्या के इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल शव अस्पताल में ही है और परिजन जांच की मांग पर अड़े हैं।
बाइक चला रहे पुलिसकर्मी की पहचान बताने की मांग
परिजन उस पुलिसकर्मी की पहचान सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं, जिसकी बाइक पर बैठकर बबीता JTET परीक्षा केंद्र जा रही थीं। घटना के बाद बाइक चला रहे जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह बाइक का गलत दिशा में चलना बताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर परिजनों ने सवाल उठाए हैं। छतरपुर थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
तीन साल से छतरपुर महिला थाना में थीं तैनात
बबीता कुमारी पिछले तीन वर्षों से छतरपुर महिला थाना में कार्यरत थीं। उनका मायका छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव में और ससुराल पड़वा थाना क्षेत्र में है। उनके तीन बच्चे हैं। जवान की मौत से परिवार में मातम है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









