Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव डैम साइड स्थित संत जेवियर स्कूल के पीछे बरामद किया गया। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, युवक के चेहरे पर पत्थर और किसी धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। वहीं, उसके गले पर रस्सी जैसे निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, हत्या के सही कारणों और घटनाक्रम का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य
शव मिलने की सूचना पर धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जो जांच में अहम साबित हो सकते हैं।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी है, ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथमदृष्टया युवक की गला दबाकर और चेहरे पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक कौन था और वह डैम साइड इलाके में कैसे पहुंचा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








