उपायुक्त ने अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउंड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरंडा बाजार, काली मंदिर डोरंडा, कुसई कॉलोनी, छप्पन सेट और एजी कॉलोनी में बन रहे पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली गई।
पंडालों में अग्निशमन और बिजली सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पूजा समितियों को बिजली की वायरिंग और अस्थायी कनेक्शन सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंडालों में अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास की व्यवस्था होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने तथा पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समितियों से पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
विसर्जन जुलूस में नियमों का करना होगा पालन
प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पूजा समितियों को स्थानीय थाना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार विसर्जन करने को कहा गया है। जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के तय मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने भड़काऊ गाने, नारे और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से बचने की अपील की है।
दिवाली पर आम लोगों से भी सुरक्षित तरीके से पटाखे जलाने और बच्चों को अकेले आतिशबाजी नहीं करने देने की अपील की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीओ सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







