Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन), रांची में राज्य सरकार के वित्त विभाग और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से राज्य के करीब 1.75 लाख सरकारी कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
समझौते के तहत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी अकाउंट रखने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों को विशेष सैलरी पैकेज की सुविधा मिलेगी। इसमें आकस्मिक मृत्यु बीमा कवर, पूर्ण एवं आंशिक दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं। कर्मचारियों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा कर्मचारियों को व्यक्तिगत ऋण, गृह ऋण और वाहन ऋण रियायती दरों पर मिल सकेंगे। निःशुल्क एटीएम कार्ड और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी इस पैकेज का हिस्सा हैं।
आदिवासी और ग्रामीण समुदायों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
समझौते के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है। इसलिए बैंकिंग सुविधाओं का लाभ केवल सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आदिवासी, गरीब, पिछड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी परिवारों की सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए उनकी वित्तीय सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने बैंकों से ग्रामीण युवाओं और छोटे उद्यमियों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
बैंकिंग व्यवस्था को आम लोगों के लिए सरल बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि बैंक के साथ यह साझेदारी भविष्य में और व्यापक हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक राज्य के आम नागरिकों तक भी अपनी सेवाओं और सहयोग का विस्तार करेगा।
इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सचिव प्रशांत कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के जोनल हेड गुणा चन्द्र गामी, इकोसिस्टम हब हेड रंजीत समेत राज्य सरकार और बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







