Khunti: खूंटी जिले के कर्रा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका इलाज सदर अस्पताल खूंटी में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है। शुक्रवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। घटना को लेकर पीएम मोदी और सीएम हेमंत सोरेन ने दुख जताया है।
घायल स्कूटी सवार को देखने के लिए निकले थे सभी लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कर्रा के कोशांबी कॉलोनी के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ी में घुस गया था। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। कुछ लोग झाड़ी में फंसे युवक को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क पर खड़े थे।
इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में बिरसा नायक के परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। उनकी पत्नी जवंती देवी उर्फ कसीला, बेटी अंजली कुमारी और एक वर्षीय नाती की मौत हो गई। बिरसा की दूसरी बेटी खुशबू गंभीर रूप से घायल है।
वहीं, दूसरे परिवार के राजेश की मां कर्मी लोहराइन, पत्नी फगन संगा और दो बेटियों सुभानी व सोनी कुमारी की भी हादसे में मौत हो गई। राजेश तीन दिन पहले ही मजदूरी करने गुजरात गए थे। उन्हें परिवार के सदस्यों की मौत की सूचना दे दी गई है।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस फरार ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश कर रही है। उधर, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। हादसे से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







