Godda: झारखंड के गोड्डा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के पास मिला है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेत में क्षत-विक्षत मिला शव
जानकारी के अनुसार, बच्ची रात में अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बच्ची घर से गायब मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में स्थानीय ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दी गई। इसी दौरान गांव के पास खेत की ओर ग्रामीणों ने बच्ची का शव देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि बच्ची का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इस घटना के पीछे क्या कारण है, इसकी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
Read More: प्रतिबंधित मांस काटने और बिक्री के आरोप में तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल









