Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित द्वितीय भारत समिट – Forging a New World में विशिष्ट प्रतिनिधि (Distinguished Delegate) के रूप में आमंत्रित किया गया है। तेलंगाना सरकार की ओर से हैदराबाद में 12 से 14 नवंबर 2026 तक इस समिट का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारत समेत करीब 100 देशों के प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी प्रस्तावित है।
झारखंड से किसी युवा राजनीतिक प्रतिनिधि को आमंत्रण मिलना गर्व की बात
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर ऋषिकेश सिंह युवा नेतृत्व, राजनीति और समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। झारखंड से किसी युवा राजनीतिक प्रतिनिधि को इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में आमंत्रण मिलने को प्रदेश कांग्रेस ने गौरव का विषय बताया है।
इस उपलब्धि पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो समेत कई वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि ऋषिकेश सिंह ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। लगातार संघर्ष, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण के दम पर उन्होंने प्रदेश कांग्रेस में अपनी पहचान बनाई है।
झारखंड कांग्रेस और राज्य के युवाओं के लिए गर्व का अवसर
राकेश सिन्हा के मुताबिक, यह उपलब्धि केवल ऋषिकेश सिंह की व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि झारखंड कांग्रेस और राज्य के युवाओं के लिए भी गर्व का अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऋषिकेश सिंह अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की आवाज और युवाओं की आकांक्षाओं को मजबूती से रखेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि इस आयोजन में उनकी भागीदारी राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







