Ranchi: सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के कथित यौन शोषण मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्टों के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए आयोग ने झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) तदासा मिश्रा से सात दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
DGP को मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस संबंध में DGP को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आयोग ने खास तौर पर यह जांचने को कहा है कि स्कूल में दाखिला दिलाने के नाम पर बच्ची को सिमडेगा से रांची किन परिस्थितियों में लाया गया था। मीडिया रिपोर्टों में बच्ची ने विधायक के परिवार के सदस्यों पर मारपीट, गाली-गलौज और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं।
पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता पर जोर
महिला आयोग ने निर्देश दिया है कि नाबालिग की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाए। साथ ही उसे चिकित्सा, मनोवैज्ञानिक और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। आयोग ने पीड़िता को किसी भी तरह की धमकी, दबाव या उत्पीड़न से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है।
राजनीतिक प्रभाव से मुक्त हो जांच
आयोग ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच किसी भी राजनीतिक या बाहरी प्रभाव से प्रभावित नहीं होनी चाहिए। आरोपी का राजनीतिक पद और प्रभाव कानून के प्रति जवाबदेही में बाधा नहीं बन सकता। फिलहाल आयोग की नजर झारखंड पुलिस की कार्रवाई रिपोर्ट पर है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








