Koderma: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ जिले में श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठव्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण किया। इसी के साथ चार दिनों से जिले में बना भक्तिमय माहौल छठ के समापन के साथ संपन्न हो गया।
सुबह होने से पहले ही झुमरीतिलैया समेत जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में पूजा के डाला, सूप और फल-प्रसाद लेकर घाटों पर पहुंचे। व्रतियों ने जलाशयों में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलकामना की प्रार्थना की।
छठ गीतों से गूंजते रहे घाट
झुमरीतिलैया के राजा तालाब, चाराडीह, अरघौती नदी, जलवाबाद समेत जिले के प्रमुख छठ घाटों पर रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के समय भी घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। छठ गीतों और पूजा-अर्चना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रशासन ने किए थे सुरक्षा के इंतजाम
पर्व को लेकर नगर निकाय और स्थानीय पूजा समितियों की ओर से घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन और पुलिस ने भी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की थी। यातायात और भीड़ नियंत्रण में स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी सहयोग किया।
अर्घ्य के बाद छठव्रतियों ने विधि-विधान से पारण किया। लोगों ने एक-दूसरे को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। चार दिनों तक पूरा कोडरमा जिला छठ की भक्ति और आस्था में सराबोर रहा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







