Koderma: अपनी मिट्टी से दूरी भले ही हजारों मील की हो, लेकिन संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव कभी कम नहीं होता। इसकी खूबसूरत मिसाल अमेरिका के सिएटल में देखने को मिली। कोडरमा जिले के डोमचांच निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर कृष्णकांत सिंह और उनकी पत्नी नीलम सिंह ने विदेश की धरती पर लगातार चौथी बार पूरे विधि-विधान से छठ महापर्व मनाया।
खरना में 70 लोगों ने किया प्रसाद ग्रहण
नीलम सिंह के सिएटल स्थित आवास पर आयोजित खरना के अवसर पर करीब 70 लोग शामिल हुए। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के मूल निवासी परिवारों ने श्रद्धापूर्वक खरना का प्रसाद ग्रहण किया। विदेश में भी पारंपरिक पकवानों की सुगंध, छठ के गीतों और आपसी आत्मीयता ने गांव की याद ताजा कर दी। आयोजन में छठ महापर्व की पवित्रता और पारंपरिक रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा गया।
मित्रों और परिवारों ने बढ़ाया सहयोग।
कई लोगों ने दिया योगदान
चार दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में कृष्णकांत सिंह के कॉलेज के मित्र मणिभूषण, उनकी पत्नी शालिनी श्रीवास्तव और पुत्री दिशा ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वहीं, निधि झा, रितु सिंह और शिवानी ने खरना का प्रसाद तैयार करने में मदद की।
विदेश की धरती पर लगातार चौथी बार छठ का आयोजन कर कृष्णकांत और नीलम सिंह ने यह संदेश दिया कि अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव के लिए भौगोलिक दूरियां कभी बाधा नहीं बन सकतीं।









