रांची, 23 नवंबर: झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (JUVNL) और इसकी अनुशंगी कंपनियों में चल रही आंतरिक नियुक्ति एवं पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष की बात सामने आई है। झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने प्रक्रिया में कथित विसंगतियों और पारदर्शिता के अभाव का मुद्दा उठाते हुए निगम के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
अजय राय का कहना है कि निगम में वर्षों से कार्यरत पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर नहीं मिल रहा है, जबकि आंतरिक चयन प्रक्रिया में पात्रता निर्धारण और नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संघ ने इन मामलों की जांच किसी स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने की मांग की है।
15 वर्षों से लेखा प्रवीण परीक्षा नहीं होने का दावा
ज्ञापन में Manager (F&A) पद पर पदोन्नति का मामला प्रमुखता से उठाया गया है। अजय राय के मुताबिक, Junior Manager (F&A) के पद पर वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारी पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन लगभग 15 वर्षों से लेखा प्रवीण परीक्षा आयोजित नहीं किए जाने की बात सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि निगम और इसकी अनुशंगी कंपनियों में Manager (F&A) पद पर अधिकारियों की संख्या भी सीमित बताई जा रही है। ऐसे में पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर नहीं मिलना उनके सेवा हितों और भविष्य को प्रभावित कर सकता है।
संघ ने मांग की है कि प्रबंधन लंबित पदोन्नति मामलों का निराकरण करे और लेखा प्रवीण परीक्षा आयोजित कर पात्र कर्मचारियों को अपनी योग्यता साबित करने का अवसर दे।
JEE और AEE के प्रोविजनल रिजल्ट पर भी सवाल
संघ ने Manager (F&A), Junior Electrical Engineer (JEE) और Assistant Electrical Engineer (AEE) सहित विभिन्न पदों पर चल रही आंतरिक चयन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए हैं। विशेष रूप से JEE और AEE के प्रोविजनल परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, डिग्री की मान्यता और Regular/Full-Time एवं Distance Mode से प्राप्त डिग्री की पात्रता की जांच की मांग की गई है।
अजय राय ने कहा कि चयन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और मापदंडों का समान रूप से पालन होना चाहिए। सभी अभ्यर्थियों के लिए एक समान मानक लागू किए जाएं, ताकि किसी योग्य उम्मीदवार के साथ अन्याय न हो और किसी को अनुचित लाभ मिलने की स्थिति पैदा न हो।
स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी से जांच कराने की मांग
झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने आंतरिक नियुक्ति एवं पदोन्नति प्रक्रिया की जांच किसी स्वतंत्र थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि जांच ऐसी एजेंसी से कराई जाए, जो किसी आंतरिक प्रभाव या संभावित हितों के टकराव से मुक्त हो।
इसके साथ ही संघ ने मांग की है कि जांच पूरी होने और शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण होने तक संबंधित नियुक्तियों को अंतिम रूप देने पर रोक लगाई जाए, ताकि आगे किसी तरह का विवाद उत्पन्न न हो।
संघ ने रखीं कई मांगें
CMD को सौंपे गए ज्ञापन में झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखी हैं:
- वर्षों से लंबित लेखा प्रवीण परीक्षा तत्काल आयोजित की जाए।
- पात्र Junior Manager (F&A) कर्मचारियों को पदोन्नति का न्यायोचित अवसर दिया जाए।
- सभी चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और दस्तावेजों का निष्पक्ष सत्यापन कराया जाए।
- आंतरिक नियुक्ति और पदोन्नति प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
- जांच रिपोर्ट और कार्रवाई से जुड़ी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाए।
- जांच में अनियमितता या नियम उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अजय राय ने स्पष्ट किया कि संघ नियुक्ति या पदोन्नति का विरोधी नहीं है, बल्कि नियमसम्मत, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया का पक्षधर है। उनका कहना है कि निगम में वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों के अधिकारों और भविष्य को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने निगम प्रबंधन से कर्मचारियों के हित, संस्थागत गरिमा और प्रशासनिक पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए ज्ञापन पर गंभीरता से विचार करने और पूरे मामले का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







