रांची: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के सुप्रीमो दिनेश गोप से जुड़े 20 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रांची की अदालत में सुनवाई हुई। मनी लॉन्ड्रिंग मामले के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में दिनेश गोप को पलामू जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। मामले में दिनेश गोप, उनकी दोनों पत्नियों समेत डेढ़ दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ आरोप तय (चार्ज फ्रेम) करने की प्रक्रिया को लेकर सुनवाई चल रही है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
सुनवाई के दौरान दिनेश गोप को पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस पेपर उपलब्ध कराया गया। वहीं, कई अन्य आरोपियों ने Cr.P.C. की धारा 88 के तहत बॉन्ड की अवधि बढ़ाने के लिए अदालत में आवेदन दिया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आवेदन की प्रति प्रवर्तन निदेशालय (ED) के विशेष लोक अभियोजक को भी सौंपी गई।
अदालत ने सुनवाई के बाद संबंधित आरोपियों के बॉन्ड की अवधि अगली सुनवाई तक बढ़ाने की अनुमति दे दी। वहीं, आरोपी फैसल मूसा के वकील ने अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल ने 31 जुलाई को Cr.P.C. की धारा 306 के तहत माफी दिए जाने और आरोपियों की सूची से नाम हटाने को लेकर आवेदन दाखिल किया था, लेकिन उस दिन की ऑर्डर शीट में आवेदन का उल्लेख नहीं हो पाया था।
अदालत ने अभियोजन पक्ष को जितेंद्र कुमार और फैसल मूसा के आवेदन पर निर्धारित तारीख तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
लेवी-रंगदारी की रकम को शेल कंपनियों में निवेश करने का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसंधान के अनुसार, मामले में आरोप है कि PLFI से जुड़े कुछ लोगों ने संगठन के लिए लेवी और रंगदारी की रकम जुटाने में दिनेश गोप की मदद की। जांच में यह भी आरोप सामने आया कि लेवी के पैसे को विभिन्न शेल कंपनियों के जरिए निवेश और ट्रांसफर किया गया। कथित तौर पर ये रकम ठेकेदारों, व्यवसायियों और विकास परियोजनाओं से लेवी के रूप में वसूली गई थी।
शेल कंपनियों के जरिए रकम खपाने का आरोप
जांच में मेसर्स शिव आदि शक्ति, मेसर्स शिव शक्ति समृद्धि इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स भव्य इंजीकॉन जैसी कंपनियों का नाम सामने आया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इन कंपनियों के जरिए लेवी से प्राप्त रकम का निवेश किया गया। इन कंपनियों के संचालन में दिनेश गोप के परिवार के सदस्यों की साझेदारी होने की बात भी जांच में सामने आई है।
दो दर्जन से अधिक बैंक खातों में 2.5 करोड़ के लेनदेन का दावा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कथित लेवी-रंगदारी की रकम को हवाला के जरिए अलग-अलग स्थानों तक पहुंचाया गया। अनुसंधान में दो दर्जन से अधिक बैंक खातों में करीब 2.5 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चलने की बात कही गई है। एजेंसियों के अनुसार, इन खातों में शेल कंपनियों के अलावा दिनेश गोप के परिवार के सदस्यों के नाम पर संचालित खाते भी शामिल थे।
मामले में अदालत की आगामी सुनवाई के दौरान आरोप तय करने की प्रक्रिया और संबंधित आरोपियों के आवेदन पर आगे की कार्रवाई होने की उम्मीद है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








