गुमला: गुमला जिले में कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन और वन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने की संभावनाओं का जायजा लेने के लिए झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित योजनाओं और कृषि के सफल मॉडलों का निरीक्षण किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
भ्रमण के दौरान बसिया प्रखंड के पोख्टा पंचायत अंतर्गत लोहड़ी गांव में राष्ट्रीय बागवानी मिशन (MIDH) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DA-JGUA) के तहत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मौके पर किसानों के बीच वर्मी बेड, एंटी-बर्ड हेलनेट और मल्चिंग सामग्री वितरित की गई, ताकि उन्हें टिकाऊ और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्त्विक व्यास, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सामुदायिक सहभागिता से गांव में चल रहे विकास कार्यों, वन संरक्षण और आजीविका संवर्धन की गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों को दी। ग्रामसभा और वन अधिकार समिति (FRC) की ओर से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।
स्ट्रॉबेरी, आम बागवानी और मधुमक्खी पालन का मॉडल देखा
लोहड़ी गांव में भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने बांदा पातरा वन क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके अलावा एक महिला किसान की ओर से संचालित स्ट्रॉबेरी उत्पादन, संरक्षित खेती, आम बागवानी में अंतरवर्ती फसल, पोषण वाटिका और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने इन गतिविधियों को कृषि, बागवानी और सहायक आजीविका के समन्वित मॉडल के रूप में सराहा।
गांव में प्रस्तावित जल संचयन संरचनाओं का भी अवलोकन किया गया। हालांकि, ये संरचनाएं अभी स्वीकृत नहीं हैं। सचिव ने संबंधित प्रस्तावों को आवश्यक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर कृषि सचिव अबूबकर सिद्दीकी पी. ने कहा कि गुमला में कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की पर्याप्त संभावनाएं हैं। जिले की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियां बागवानी तथा विविध कृषि गतिविधियों के अनुकूल हैं। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ उन्नत तकनीक, फल उत्पादन और अंतरवर्ती फसलों को अपनाने की अपील की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।
5 हेक्टेयर में अमरूद बागवानी, ड्रिप सिंचाई से जल संरक्षण
भ्रमण के अगले चरण में सचिव और अन्य अधिकारियों ने गुमला प्रखंड के वृंदा पंचायत अंतर्गत कोइनारा गांव में राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत विकसित अमरूद बागवानी का निरीक्षण किया। यहां करीब 5 हेक्टेयर भूमि में अमरूद के पौधे लगाए गए हैं। तीन किसानों की ओर से अमरूद के बागान में अंतरवर्ती खेती के तहत फूलगोभी, पत्तागोभी, मिर्च और स्ट्रॉबेरी का उत्पादन किया जा रहा है।
बागवानी क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली और परकोलेशन टैंक भी विकसित किए गए हैं। इनके जरिए सिंचाई प्रबंधन और जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। अमरूद उत्पादन, अंतरवर्ती खेती, सूक्ष्म सिंचाई और जल संचयन के संयोजन से विकसित इस एकीकृत कृषि प्रणाली की सचिव ने सराहना की।
अंजन धाम और नारिकेला मत्स्य क्षेत्र का भी दौरा
अधिकारियों ने अंजन धाम और नारिकेला मत्स्य क्षेत्र का भी भ्रमण कर वहां संचालित कृषि आधारित और वन आधारित गतिविधियों की जानकारी ली। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन और वन आधारित आजीविका को विकसित करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।
भ्रमण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस दौरे का उद्देश्य जिले में कृषि और बागवानी के सफल मॉडलों को प्रोत्साहित करना, विभागीय योजनाओं के बीच समन्वय बढ़ाना और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग के जरिए ग्रामीणों के लिए टिकाऊ आजीविका के अवसर विकसित करना रहा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







