Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बाद रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम में बदलाव का असर रांची के अलावा राज्य के अन्य इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। सुबह काम पर निकलने वाले लोगों और मॉर्निंग वॉक करने वालों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले दिनों में सुबह और देर शाम कनकनी और बढ़ सकती है।
Jharkhand Weather Update: सुबह कुहांसा, दोपहर में खिलेगी धूप
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान भी लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कुहासा हट जाएगा और आसमान साफ रहेगा। दोपहर में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी।
Jharkhand Weather Update: बारिश की कोई संभावना नहीं है
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में राजधानी का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। ऐसे में सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना जरूरी होगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







