रांची: आजसू पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 26 नवंबर को सिल्ली में पार्टी का प्रखंड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई और पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई। साथ ही सिल्ली प्रखंड कमिटी के लिए नए सदस्यों का चयन भी किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली पहचान उसके संघर्ष, विचार और कार्यकर्ताओं के जनसेवा के संकल्प से होती है। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का इतिहास झारखंड के हक और अधिकार की लड़ाई, संघर्ष और जनभागीदारी से जुड़ा रहा है। इस विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल पार्टी के कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि राजनीति पद और प्रतिष्ठा हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है।
रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर सरकार को घेरा
राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर बात करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की जनता ने जिस उम्मीद के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी थी, उन उम्मीदों पर खरा उतरने की जरूरत है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की स्थिति और स्थानीय विकास जैसे बुनियादी सवाल आज भी जवाब मांग रहे हैं। जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि काम का परिणाम चाहिए।
उन्होंने कहा कि सत्ता का उद्देश्य जनता की सेवा होना चाहिए, न कि अपने हितों को साधना। सुदेश महतो ने बिना नाम लिए दिखावे की राजनीति करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी। आजसू पार्टी जनहित के मुद्दों और जनता के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
पंचायत से बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की तैयारी
सम्मेलन में सिल्ली क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान पंचायत, गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, नए एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा आगामी राजनीतिक और सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सिल्ली प्रखंड कमिटी के लिए नए सदस्यों का चयन किया गया। सम्मेलन में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, संजय सिद्धार्थ, संजय महतो, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, झारखंड आंदोलनकारी लक्ष्मी महतो, त्रिलोचन महतो, रामस्वरूप मंडल, लक्ष्मण महतो, शिव शंकर प्रसाद, सुभाष महतो, रांची जिला संगठन सचिव डब्लू महली, कमल सिंह मुंडा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







