मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और मांगकर अपना गुजारा करता था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून लगा पत्थर भी बरामद किया है।
शव के पास पत्थर लेकर बैठा था आरोपी
रविवार को प्रेस वार्ता में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास आरोपी खून लगा पत्थर लेकर बैठा मिला। उसकी पहचान बिहार के नालंदा जिले के सराय थाना क्षेत्र निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मृतक को खाने के लिए 20 रुपये दिए थे। मृतक ने जब दोबारा 20 रुपये मांगे, तो इसी बात पर विवाद हुआ और गुस्से में उसने पत्थर से हमला कर दिया।
नालंदा से एक सप्ताह पहले आया था बरही
पुलिस के अनुसार, आरोपी बरही में दैनिक मजदूरी करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही नालंदा से यहां आया था। शनिवार रात वह तिलैया रोड स्थित एक होटल में खाना खाने गया था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे तक शवगृह में रखने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। प्रेस वार्ता में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार भी मौजूद थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







