Ranchi: प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस विधेयक का कड़ा विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने परिसीमन बिल को लोकतंत्र के लिए हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम जैसा बताते हुए कहा कि इसके दूरगामी परिणाम देश की आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ सकते हैं।
दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका
इरफान अंसारी ने कहा कि परिसीमन लागू होने से दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की आशंका है। उनके मुताबिक, यह केवल लोकसभा और विधानसभा सीटों के पुनर्गठन का मामला नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा सवाल है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सुनहरे सपने दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर विधेयक का विरोध करने की अपील की।
विपक्ष के प्रमुख नेताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए साथ आने का आग्रह
अंसारी ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के प्रमुख नेताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए साथ आने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन के नाम पर वंचित समाज के राजनीतिक अधिकारों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इरफान अंसारी ने कहा कि वह इस विधेयक का पुरजोर विरोध करेंगे।
झारखंड में इस मुद्दे पर कांग्रेस, भाजपा और झामुमो के बीच राजनीतिक चर्चा भी तेज है। वहीं, झामुमो ने विधेयक के प्रावधानों का अध्ययन करने और विशेषज्ञों की राय लेने के बाद अपना अंतिम रुख तय करने की बात कही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







