Ranchi: प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर झारखंड में राजनीतिक बहस तेज होने लगी है। कांग्रेस ने इस विधेयक के विरोध में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है। पार्टी का दावा है कि प्रस्तावित परिसीमन से झारखंड में आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ने की आशंका है।
29 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और एआईसीसी झारखंड प्रभारी के. राजू ने विशेष रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से विधेयक का विरोध करने का आग्रह किया है।
झारखंड में विधानसभा की सीटें 28 से बढ़ाकर 42 करने की मांग
कांग्रेस के मुताबिक, प्रस्ताव में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की परिकल्पना की गई है, लेकिन अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में उसी अनुपात से बढ़ोतरी सुनिश्चित करने का स्पष्ट संवैधानिक प्रावधान नहीं है। पार्टी का कहना है कि झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या मौजूदा 28 से बढ़ाकर 42 की जानी चाहिए, ताकि प्रतिनिधित्व की हिस्सेदारी बनी रहे।
के. राजू ने इस मुद्दे को आदिवासी राजनीतिक सशक्तिकरण से जोड़ते हुए झामुमो से कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ खड़े होने की अपील की है।
परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल
कांग्रेस ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना और अधिकारों पर भी आपत्ति जताई है। पार्टी की विज्ञप्ति के अनुसार, आयोग में प्रधानमंत्री द्वारा चयनित सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, मुख्य चुनाव आयुक्त और राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शामिल होंगे।
कांग्रेस ने SIR को लेकर उठ रही चिंताओं का हवाला देते हुए निष्पक्ष परिसीमन की आवश्यकता पर जोर दिया है। पार्टी ने संघीय संतुलन, लोकतांत्रिक निष्पक्षता और आदिवासी प्रतिनिधित्व की रक्षा के लिए विपक्षी दलों से एकजुट विरोध की अपील की है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







