KhabarMantra: पदुगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप अंडरपास निर्माण में लगे मजदूरों पर हुई फायरिंग के मामले में महुदा पुलिस ने एक आरोपी अशोक राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसे बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सोमवार को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी देवानंद प्रसाद ने जानकारी दी कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुजफ्फरपुर की पहचान की गई, जहां स्थानीय थाना की मदद से आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया। पूछताछ में अशोक राय ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
Read More: धनबाद गोलीकांड में बड़ा खुलासा: ‘छोटे सरकार’ के इशारे पर हुई फायरिंग, आमिर शेख ने खोले राज
इस मामले में मुख्य आरोपी अजित सिंह उर्फ अजित राय, जो बिहार के सीतामढ़ी का निवासी है, अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार उसकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
गौरतलब है कि 25 फरवरी की रात पदुगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडरपास में कार्यरत मजदूरों पर अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर श्री तिरुपति बालाजी इंटरप्राइजेज के मालिक योगेन्द्र शर्मा ने महुदा थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसी आधार पर जांच शुरू की थी।









