धनबाद : कुमारधुबी में चिरकुंडा स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल में आज शुक्रवार को देश के महान वैज्ञानिक और शिक्षाविद डॉ. कृष्ण स्वामी कस्तूरीरंगन की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों और प्राचार्य ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए.
विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार साव ने कार्यक्रम का शुभारंभ एक प्रेरणादायक भाषण से किया, जिसमें उन्होंने डॉ. कस्तूरीरंगन के जीवन, उपलब्धियों और उनके द्वारा देश में दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला. उनके विचारों ने छात्रों को प्रेरित किया और उन्हें विज्ञान एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करने का कार्य किया.
श्रद्धांजलि सभा के दौरान छात्रों ने हिंदी और अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत कर डॉ. कस्तूरीरंगन के व्यक्तित्व और कार्यों को उजागर किया. विद्यालय के समस्त शिक्षक, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल हुए.
इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों ने डॉ. कृष्ण स्वामी कस्तूरीरंगन के जीवन और उनकी उपलब्धियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की, जिससे उनमें प्रेरणा और ज्ञानवर्धन हुआ. विद्यालय प्रशासन ने इस तरह की गतिविधियों को आगे भी जारी रखने की बात कही, जिससे छात्रों को महान व्यक्तित्वों से सीखने का अवसर मिलता रहे.









