धनबाद, सिंदरी – सिंदरी के शहरपुरा एल टाइप कॉलोनी में सीवरेज की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में सफाईकर्मी जितेन हरिजन की जहरीली गैस से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने उतरे कन्हैयालाल की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल कन्हैयालाल का इलाज धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में जारी है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गटर का चैंबर जाम हो गया था, जिसे खोलने के लिए जितेन हरिजन को बुलाया गया था। जैसे ही जितेन चैंबर के अंदर उतरे, वह जहरीली गैस के प्रभाव में आकर छटपटाने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में कन्हैयालाल भी चैंबर में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। पुलिस और लोगों की मदद से दोनों को चैंबर से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद जितेन को मृत घोषित कर दिया, वहीं कन्हैयालाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक जितेन हरिजन परसबनिया पंचायत अंतर्गत मोदीडीह हरिजन टोला निवासी थे। वे नगर निगम के पूर्व सफाईकर्मी थे और विवाहित थे, हालांकि उनकी कोई संतान नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई गोपाल हरिजन, परसबनिया पंचायत के मुखिया राजाराम रजक, पूर्व पार्षद साहेब राम हेम्ब्रम, माले नेता सुरेश प्रसाद सहित कई स्थानीय नेता और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुख व्यक्त किया।
इस दर्दनाक घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई और मृतक परिवार को उचित मुआवजे की मांग की है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








